MP में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1459 पदों पर होगी भर्ती: MPPSC जारी करेगा अधिसूचना

Indore News | मध्यप्रदेश के शासकीय कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए MPPSC इसी माह अधिसूचना जारी करने जा रहा है। इस बार, सबसे ज्यादा 158 पद केमिस्ट्री विषय के होंगे। जबकि दिसंबर 2022 में जब वैकेंसी आई थी, तब अंग्रेजी विषय के लिए 200 पद थे, लेकिन इस बार अंग्रेजी में 96 पद ही रहेंगे। कुछ विषयों में तो सिर्फ एक-एक पद रहेगा।

भर्ती प्रक्रिया में कई विषयों में बदलाव

जानकारी के अनुसार, लॉ सहित कुछ विषयों में इस बार एक भी पद नहीं है। पिछली बार कुल 1669 पदों पर वैकेंसी आई थी, लेकिन इस बार यह संख्या घटकर 1459 पद रह गई है। हालांकि, अंतिम समय में 150 और पद जोड़े जाने की संभावना जताई जा रही है। लाइब्रेरियन के पदों की स्थिति भी बदल गई है, पिछली बार लाइब्रेरियन के 255 पद थे, लेकिन इस बार एक भी पद नहीं है। इस बार कुल 26 विषयों के लिए अधिसूचना जारी होगी, जबकि पिछली बार यह संख्या 35 थी।

स्पोर्ट्स ऑफिसर और अन्य पद

इसके अलावा, 128 स्पोर्ट्स ऑफिसर के पद भी होंगे। हालांकि, कुछ अन्य विषय जैसे बायोटेक्नोलॉजी में इस समय कोई पद नहीं है, लेकिन अंतिम समय में इन विषयों के लिए पद जोड़े जा सकते हैं।

कॉलेजों में खाली पदों की स्थिति

वर्तमान में मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग के पास 12,389 स्वीकृत पद हैं, जिसमें प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, स्पोर्ट्स ऑफिसर और लाइब्रेरियन शामिल हैं। इन सभी पदों में से करीब 6823 पद पर फैकल्टी कार्यरत हैं, जबकि 5566 पद खाली हैं। इनमें से 2053 पदों के लिए पहले ही परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। आने वाले दिनों में 1542 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया होगी, लेकिन फिर भी करीब 2 हजार पद खाली रह जाएंगे। प्रोफेसरों के रिटायरमेंट से खाली पदों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

छात्रों के प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात

इंदौर में MPPSC के अभ्यर्थियों का चार दिन चला धरना प्रदर्शन रविवार सुबह 5 बजे समाप्त हुआ। इसके बाद छात्रों का प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिला और अपनी मांगों पर सहमति बना ली।

Leave a Reply