Ambala Majra News: अब CM हाउस से नहीं भगाते, खट्टर से अच्छे नायब गांववाले बोले- वाजपेयी के टाइम दरी बिछाई, अब हरियाणा के मुखिया

Ambala Majra News | खट्टर के समय तो हम CM हाउस के अंदर घुस भी नहीं सकते थे। वो कभी नहीं मिलते थे। उनका OSD भी बात नहीं करता था, लेकिन पिछले डेढ़ महीने में हम 5 बार CM हाउस होकर आए हैं। टाइम न हो तब भी नायब भले 5 मिनट के लिए मिलें, पर मिलते जरूर हैं। चाय-नाश्ता कराते हैं। विधायक-सांसद बने तब भी नायब हमारे घर में शादी-ब्याह में भी आते थे।’

अंबाला के मिर्जापुर माजरा गांव में रहने वाले सेना के पूर्व सूबेदार सुरजीत सिंह हरियाणा के मुखिया से खुश हैं। वो नायब सिंह के बारे में ऐसे बात करते हैं, जैसे- कोई उनके परिवार का ही CM बन गया हो। नायब के गांव मिर्जापुर माजरा में उनकी तारीफ के कसीदे पढ़ने वालों में सुरजीत अकेले नहीं हैं। उन्हें चाहने वालों का ये सिलसिला रुकता ही नहीं है।

हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए 5 अक्टूबर को एक फेज में वोटिंग होनी है। राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गांव मिर्जापुर माजरा में चुनावी मूड कैसा है। ये जानने के लिए दैनिक भास्कर की टीम यहां पहुंची। उनकी सहजता और मिलनसार स्वभाव की चर्चा पूरे गांव में है।

हरियाणा के हिसार में नए बने महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर PM नरेंद्र मोदी ने चुनावी कार्यक्रम किया। हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी भी साथ मौजूद रहे।

शुरुआत नायब के गांववालों की बात से…
MLA बने तो लगा पूरा गांव बन गया, अब CM बन गया
अंबाला के मिर्जापुर माजरा गांव में जाट, सिख, हरिजन और सैनियों की आबादी है। गांव की हर कम्युनिटी और जाति के बीच नायब बराबर लोकप्रिय हैं। गांव में हमारी मुलाकात मंजीत सिंह से हुई। नायब से करीब 3-4 साल बड़े मंजीत गांव के गुरुद्वारे में सेवादार हैं।

नायब के बारे में एक किस्सा सुनाते हुए वे कहते हैं, ‘1980-82 की बात होगी। मैं और नायब खेत में बैठे थे। वो क्लास में मेरा जूनियर था। मैंने उससे पूछा कि नायब तुम्हारे कामकाज का क्या हुआ, कहीं नौकरी पक्की हुई? तो जवाब मिला- हां, वाजपेयी जी और आडवाणी जी से मुलाकात हुई है। शायद मुझे पार्टी ऑफिस में काम पर रख लें।

काम के बारे में पूछने पर नायब जवाब देते हैं- मैंने भी पूछा था, वही दरी बिछाने और साफ-सफाई का काम होगा और क्या?’

मंजीत खुश होते हुए कहते हैं, ‘राजनीति में जाने के बाद वो जब भी गांव आता, तब हम पूछते थे कि भाई नायब हमारे गांव के लिए टिकट कब ला रहे हो। हमने ये कभी नहीं पूछा कि तुम्हें कब टिकट मिलेगा, तुम कब MLA बनोगे। नायब बहुत अच्छा लड़का था, उसने पूरे गांव का सिर ऊंचा कर दिया। वो जब MLA बना तो लगा पूरा गांव बन गया। अब CM बना तब भी।

वे आगे कहते हैं, ‘नायब जब सांसद बना तो मैंने उससे कहा- अब तो PM की कुर्सी की तरफ बढ़ गया। उसने बस हंसते हुए जवाब दिया- महाराज की कृपा है।’

इसके बाद हम प्रियंका सैनी से मिले। खुद को रिश्ते में नायब की छोटी बहन कहने वाली प्रियंका गर्व से बताती हैं, ‘उनके और मेरे पापा आपस में चाचा-ताऊ हैं। मैं उनकी छोटी बहन हूं।’ राजनीति में जाने के सवाल पर वो कहती हैं, ‘नहीं, मैं Teacher बनना चाहती हूं।’ प्रियंका भाई के CM बनने से खुश हैं और कहती हैं, ‘जब दोबारा CM बन जाएंगे तो मैं उनसे मिलने CM हाउस जरूर जाऊंगी।’

इसके बाद हम यहां की दलित बस्ती पहुंचे। वहां हमें पूर्ण चंद मिले। CM नायब के बारे में पूछने पर वे भरोसे के साथ कहते हैं, ‘अभी फोन मिलाऊंगा तो उठा लेंगे। नहीं उठा पाए तो कॉल करेंगे। वो जब भी गांव आते हैं तो हमारी बस्ती में जरूर आते हैं। शादी-ब्याह कामकाज में खुद आते हैं। खुद न आ पाएं तो अपने भाइयों को भेजते हैं।’

नायब के ताऊ बोले- उसे ईमानदारी और मेहनत का फल मिला
नायब सिंह सैनी का घर भी भारतीय घरों के लिए मिसाल है। गांव में एक बड़े से कैम्पस में 5 घर बने हैं। तीन घर नायब के ताऊ-चाचा के बेटों के हैं। बाकी दो घर CM नायब और दूसरा उनके भाई चंदन के हैं। तीनों घरों का मेन गेट एक ही है। घर में हमारी मुलाकात नायब सिंह के ताऊ तेजा राम से हुई। उनके भाई पिछले कई दिनों से लाडवा सीट में नायब सिंह के लिए प्रचार कर रहे हैं।

ताऊ तेजा राम कहते हैं, ‘इस घर में अगर कोई शेर का बच्चा है तो मैं ही हूं।’ अपनी उम्र बताते हुए कहते हैं, ‘1 कम 100 का हूं। एक भी पूरा कर ही लूंगा।’ हमने जब उनसे नायब सिंह सैनी के बारे में बातचीत शुरू की, तो ताऊ कहते हैं, ‘वो मेहनत करके आगे बढ़ा है।’

नायब आपकी सेवा करते हैं? जवाब में ताऊ कहते हैं, ‘बहुत दिनों से नहीं आया। अब सेवा क्या करेगा। प्रणाम करता है। हालचाल लेता है। जब CM बना था तो मुझसे आशीर्वाद लिया था। मैंने कहा था- ‘खूब आगे बढ़ो। मेहनत करना, ईमानदारी बनाए रखना।’

राजनीति को लेकर वे कहते हैं, ‘राजनीति अच्छी भी है और बुरी भी है। झूठ-सच बोलना पड़ता है, लेकिन नायब ने मेहनत की, उसी से आगे बढ़ा। नायब को हमने कभी बदमाशी करते नहीं देखा। वो ईमानदार है।’ नायब बचपन में कैसे थे? ताऊ तपाक से जवाब देते हैं, ‘शरीफ और मेहनती थे। हमारे सभी बच्चे ठीक हैं। ये तो CM बन गया, लेकिन घर में 2-3 अधिकारी भी हैं।’

भतीजे के लिए प्रचार करने लाडवा नहीं गए? वे हंसते हुए जवाब देते हैं, ‘मैंने तो कहा था, मुझे ले चलो, लेकिन सबने कहा- वहां जाकर क्या करोगे। बहुत भीड़ होगी। थक जाओगे, तबीयत खराब हो जाएगी। यहीं रुक कर सबसे मिलो।’

नायब बोले- BJP की सरकार बन रही, हमारे पास बड़ी उपलब्धियां
चुनाव प्रचार के दौरान हमारी मुलाकात CM नायब सिंह सैनी से भी हुई। वो पार्टी की जीत को लेकर आश्वस्त दिखे। नायब सिंह ने कहा, ‘पूरे मेंडेट के साथ BJP की सरकार बन रही है। 10 साल में हमारी एक से बढ़कर एक उपलब्धियां हैं।

हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां सरकार किसानों की 24 फसलें MSP पर खरीद रही है। हम 500 रुपए में बहनों को गैस सिलेंडर दे रहे हैं। चुनाव से ऐन पहले CM बदलने की वजह पूछने पर नायब का अंदाज थोड़ा बदला दिखा। उन्होंने थोड़े रूखेपन से कहा, ‘ये पार्टी का फैसला है।’

नायब सिंह के मिलनसार स्वभाव का पूरा गांव मुरीद
इसके बाद हम मिर्जापुर माजरा के ही बलविंदर सिंह से मिले। वे नायब सिंह के बारे में पूछने पर एक किस्सा बताते हैं, ‘नारायण गढ़ में कुछ दिन पहले चुनाव प्रचार के लिए नायब रैली कर रहे थे। मैं भी उसी रास्ते से गुजर रहा था। वे पैदल थे। मैंने भीड़ में घुसकर उनका हाथ पकड़ लिया। मैं उन्हें किसी से मिलवाना चाहता था। उन्होंने उससे मुलाकात की और फिर मेरा भी हालचाल लिया।

इस दौरान सिक्योरिटी वालों ने कुछ बोला तो उन्होंने चुप करा दिया। नायब ऐसे हैं। उनमें CM बनने के बाद भी कोई घमंड नहीं आया। आप पूर्व CM मनोहर लाल खट्टर से मिले हैं, इसके जवाब में बलविंदर कहते हैं, ‘नहीं उनसे कभी नहीं मिला। CM हाउस में तो तब मुलाकात ही नहीं होती थी।’

गांव के ही बलवंत सिंह सैनी के सामने जैसे ही नायब का नाम लिया। वे हंसते हुए कहते हैं’ हमारे गांव का लड़का है, हमारे परिवार-खानदान के हैं। स्वभाव के बहुत अच्छे हैं। जब गांव आते हैं तो मुझसे मिलते-जुलते हैं।

Leave a Reply