Gwalior News : केंद्रीय मंत्री का PA बताकर ट्रांसफर कराने वाला गिरफ्तार: ग्वालियर में पकड़ा गया आरोपी, DGP को भेजे थे Messages

Gwalior News | ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने सोमवार को एक जालसाज को गिरफ्तार किया, जो केंद्रीय मंत्रियों के PA के नाम पर ट्रांसफर कराने का झांसा दे रहा था। आरोपी का नाम पुष्पेंद्र दीक्षित (शर्मा) है। वह धार्मिक वेशभूषा में केंद्रीय मंत्रियों के साथ फोटो खिंचाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था, जिससे लोग उसके झांसे में आ जाते थे।

जुलाई 2024 के ट्रांसफर की धोखाधड़ी

पुष्पेंद्र ने जुलाई 2024 में शिवपुरी और गुना के दो TI विनय यादव और पंकज त्यागी को भिंड और ग्वालियर ट्रांसफर कराने के लिए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के PA जयकिशन बनकर DGP मध्यप्रदेश और विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) को Messages भेजे थे। इस Messages को भेजने के लिए उसने एक सिम नंबर का उपयोग किया, जिसे गलत तरीके से मंत्री के PA के नाम पर इश्यू किया गया था।

DGP ने संदिग्ध Messages को पहचाना

IG ग्वालियर रेंज अरविंद सक्सेना ने बताया कि DGP ने भेजे गए Messages की भाषा से ही समझ लिया था कि ये Messages सही नहीं हैं। उन्होंने IG ग्वालियर को ये Messages भेजकर इसकी सत्यता का पता लगाने के लिए कहा था। क्राइम ब्रांच ने पूरी कहानी का पता लगाया तो खुलासा हुआ कि ये नंबर तो केंद्रीय मंत्री के PA का है ही नहीं।

आरोपी ने ट्रांसफर का फॉलोअप भी मांगा

आरोपी पुष्पेंद्र दीक्षित पुत्र प्रमोद शर्मा निवासी ऊदलपाड़ा चिरपुरा डबरा ने पुलिस महानिदेशक, विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) मध्यप्रदेश को भी केंद्रीय मंत्री सिंह के निजी सचिव जयकिशन बनकर Messages भेजे थे। सिम कूटरचित दस्तावेज से ली गई थी।

निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के ट्रांसफर का फॉलोअप

पुष्पेंद्र ने निरीक्षक स्तर के अधिकारियों विनय यादव की पदस्थापना शिवपुरी से भिंड और पंकज त्यागी की पदस्थापना गुना से ग्वालियर करने के Messages भेजे थे। उसने केंद्रीय मंत्री के नाम का हवाला देकर खुद को उनका निज सचिव बताकर इन दोनों निरीक्षकों के ट्रांसफर का फॉलोअप भी मांगा था।

2017 में BSF जवानों के ट्रांसफर कराए थे

शातिर आरोपी पुष्पेंद्र के खिलाफ पूर्व में भी अपराध दर्ज है। दिसंबर 2016 में इसने केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के विदेश मंत्रालय के कार्यालय के जरिए अर्द्धशासकीय पत्र भेजकर महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल कार्यालय नई दिल्ली के BSF के कर्मचारियों के ट्रांसफर के लिए पत्र प्रेषित किया था, जो कूटरचित पाया गया था। इस मामले में भी यह फरार था।

8 अगस्त तक रिमांड पर

SP ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने बताया कि आरोपी पुष्पेंद्र को पुलिस ने 8 अगस्त तक रिमांड पर लिया है। आरोपी के पास से 5 मोबाइल, 1 लाख रुपए नकद, कई आधार कार्ड और अन्य विभागों के लिए बनाए गए पत्र और दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

Leave a Reply