सैफ अली खान पर हमले के आरोपी को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया

Mumbai News | मुंबई पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सैफ अली खान पर हमले के आरोपी को ठाणे से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी बीती रात की है और रविवार को पुलिस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले से जुड़ी पूरी जानकारी दी। मुंबई के डीसीपी गेदाम दीक्षित ने बताया कि आरोपी का नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है, और उसकी उम्र 30 साल है। आरोपी कुछ महीने पहले मुंबई आया था और यहां हाउसकीपिंग का काम करता था।

चोरी के इरादे से घर में घुसा आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सैफ अली खान के घर में चोरी करने की नीयत से घुसने की कोशिश की, और पकड़े जाने पर अभिनेता पर हमला किया। आरोपी ने पुलिस से यह स्वीकार किया है कि उसे नहीं पता था कि यह सैफ अली खान का घर था। आरोपी के पास भारतीय नागरिक होने का कोई प्रमाण नहीं है, और वह एक बांग्लादेशी घुसपैठिया है। पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि आरोपी कई नामों से छिप कर रह रहा था, जैसे बिजॉय दास, विजय दास, मोहम्मद इलियास और बीजे।

गूगल पे के माध्यम से आरोपी की पहचान

आरोपी बहुत ही शातिर था। वह पुलिस से बचने के लिए लगातार कपड़े बदलता रहता था और ऑनलाइन पेमेंट से बचता था। उसने एक मोबाइल शॉप से कुछ सामान खरीदा, जिसका भुगतान कैश से किया था, लेकिन एक सलून में उसने गूगल पे के माध्यम से पेमेंट किया। पुलिस ने यह गूगल पे पेमेंट ट्रैक किया और आरोपी का मोबाइल नंबर ढूंढ निकाला, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी

आरोपी के बारे में पता चला है कि वह कुछ दिनों तक एक बीयर बार में भी काम कर चुका था और पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से हथियार भी बरामद किया है। पहले पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद अलीयान बताया था, लेकिन आज उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

छत्तीसगढ़ से पकड़ा गया संदेही

इससे पहले शनिवार को खबर आई थी कि सैफ अली खान पर हमले के आरोपी को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया गया है। इस सूचना पर मुंबई पुलिस की एक टीम दुर्ग रवाना हुई थी। पुलिस द्वारा जारी किए गए संदिग्ध फोटो के आधार पर दुर्ग पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन संदेही का चेहरा मिलते-जुलते होने के कारण वह असली आरोपी नहीं था। रविवार को उसे रिहा कर दिया गया।

देर रात दुर्ग से आई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए संदेही का नाम आकाश कन्नौजिया था। मुंबई से दो सदस्यीय टीम ने आकर आरोपी की पहचान की और असली आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आकाश को रिहा कर दिया।

Leave a Reply